कोटवा धाम के प्राचीन पवित्र कुंड का भी होगा विकास, ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए सुविधाओं का होगा विस्तार

 

जिलाधिकारी ने किया प्राचीन कुंड का निरीक्षण, सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था के निर्देश

 

 

 

सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप जनपद में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को गति दी जा रही है। इसी क्रम में सिरौलीगौसपुर तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोटवा धाम में पर्यटन विकास कार्यों के साथ-साथ यहां अवस्थित प्राचीनतम पवित्र कुंड के विकास एवं संरक्षण की दिशा में भी पहल की जा रही है।

जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने कोटवा धाम पहुंचकर प्राचीन पवित्र कुंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुंड की ऐतिहासिकता एवं पवित्रता को अक्षुण्ण रखते हुए इसका विकास कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य इस प्रकार किए जाएं कि प्राचीन कुंड की मूल संरचना एवं धार्मिक महत्व प्रभावित न हो तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारी ने सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर को कुंड के विकास से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्थल की आवश्यकता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से कार्य कराया जाए। उन्होंने पवित्र कुंड के समीप महिलाओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्थायी बैरिकेडिंग का प्रावधान किए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कोटवा धाम की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए यहां होने वाले विकास कार्यों में सुविधा और संरक्षण, दोनों का समुचित समन्वय होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं तथा प्राचीन धरोहर के स्वरूप से किसी प्रकार का समझौता न हो।

उल्लेखनीय है कि कोटवा धाम में लगभग 356 वर्ष पुराना समर्थ साहेब बाबा जगजीवन दास जी का मंदिर एवं समाधि स्थल स्थित है। यह सतनाम पंथ की प्रमुख तपोस्थली के रूप में प्रसिद्ध है और यहां प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत कोटवा धाम में लगभग 202.51 लाख रुपये की लागत से विभिन्न पर्यटन विकास एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्य स्वीकृत हुए है।इस दौरान जिलाधिकारी ने कोटवा धाम स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद भी लिया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर श्री अनिल सरोज, प्रोजेक्ट मैनेजर सीएनडीएस श्री देवब्रत पवार, महंत श्री नीलेन्द्र बक्श दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।