श्रावण मास का तृतीय सोमवार सकुशल एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के बीच गूंजा हर-हर महादेव

 

कांवड़ियों/श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा से बढ़ा शिवभक्तों का उत्साह, डीएम-एसपी ने देर रात्रि से संभाली व्यवस्थाओं की कमान

 

बाराबंकी, 17 अगस्त 2026। श्रावण मास के तृतीय सोमवार/ नागपंचमी पर जनपद शिवभक्ति से सराबोर रहा। श्री लोधेश्वर महादेवा समेत प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक किया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सतर्कता, प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं निरंतर निगरानी के चलते तृतीय सोमवार का आयोजन सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।

 

शासन के निर्देश के क्रम में कांवड़ यात्रियों/ श्रद्धालुओं के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए प्रमुख शिवालयों परिसर में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। अयोध्या मंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार एवं अयोध्या रेंज के आईजी श्री सोमेन वर्मा ने हेलीकॉप्टर से जनपद के प्रमुख शिव मंदिर श्री लोधेश्वर महादेव मन्दिर रामनगर,श्री बुढ़वा बाबा मंदिर राम सनेहीघाट व श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर परिसर हैदरगढ़ में पुष्प वर्षा की गई।आसमान से बरसते फूलों के बीच कांवड़ियों/श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव एवं बम-बम भोले के जयघोष किए, जिससे पूरे यात्रा मार्ग पर शिवभक्ति का माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया।

 

जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने रविवार देर रात्रि से ही श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, दर्शन, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

श्री लोधेश्वर महादेवा के अतिरिक्त बुढ़वा बाबा, औसानेश्वर सहित जनपद के अन्य प्रमुख शिवालयों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं रहीं। विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविरों के माध्यम से कांवड़ियों को फलाहार, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

 

जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा के लिए निरंतर निगरानी की गई। तृतीय सोमवार के सकुशल सम्पन्न होने पर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों, सेवा समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों एवं सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।