मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने ग्राम रात्रि चौपाल में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

 

मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौंपी चाबियां, किसानों को वितरित किए धान के बीज

प्रधानमंत्री के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर महमूदाबाद में हुआ भव्य आयोजन

बाराबंकी, 12 जून। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड देवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत महमूदाबाद में शुक्रवार को भव्य ग्राम रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कंपोजिट विद्यालय महमूदाबाद के सामने आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सतीश चंद्र शर्मा द्वारा छोटे बच्चों को अन्नप्राशन कराकर किया गया। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इसके उपरांत चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। गरीबों को आवास, किसानों को सहायता, महिलाओं को सशक्तिकरण तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत चयनित किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए पक्के मकानों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपकर गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। चाबी प्राप्त कर लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को उन्नत प्रजाति के धान के बीज भी वितरित किए गए। मंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा सरकार द्वारा संचालित कृषि कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं, युवा, ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम रात्रि चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से सीधे जोड़ना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा मौके पर समाधान सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं की सराहना करते हुए विकास कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया।