आईएएस रिया केजरीवाल ने फीता काटकर किया शुभारंभ, सफेद कबूतर उड़ाकर दिया शांति का संदेश
बाराबंकी। सूफी संत हजरत हाजी वारिस अली शाह की रूहानी सरजमीं देवा मंगलवार को शहनाई की मधुर स्वर-लहरियों, पीएसी बैंड की धुनों और सांस्कृतिक उल्लास से गूंज उठी।
विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक देवा मेले का भव्य शुभारंभ शेख मोहम्मद हसन गेट से हुआ। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की धर्मपत्नी आईएएस श्रीमती रिया केजरीवाल ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद सफेद कबूतर उड़ाकर अमन, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सीडीओ पंकज वर्मा, एडीएम निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल सहित मेला कमेटी के सदस्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पहले दिन से ही दिखी मेले की रौनक
शुभारंभ के साथ ही मेले में उत्सवी उमंग छा गई। रंग-बिरंगी दुकानें, झूले, पशु बाजार और जायरीनों की चहल-पहल से पूरा परिसर जीवंत हो उठा। पहले दिन से ही भारी भीड़ ने मेले की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
कौमी एकता की मिसाल है देवा मेला
देवा मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता की सदियों पुरानी विरासत है। हाजी वारिस अली शाह की प्रेम और सर्वधर्म समभाव की शिक्षाओं के कारण यह मेला इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है।
दीपों की आभा से रोशन हुआ सांस्कृतिक मंच
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सीडीओ, एडीएम, एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी, एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संचालन प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया।
जिलाधिकारी ने कहा – “देवा मेला हमारी साझा विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि हर आगंतुक को सुरक्षित और सुखद वातावरण मिले।
गणेश वंदना और कव्वाली ने बांधा समां
सांस्कृतिक मंच पर बहार सुगम संगीत प्रभाग के छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना से शुरुआत की। इसके बाद “तेरे जलवों के चर्चे सुन-सुनकर मैं आया हूं बाबा” कव्वाली ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसमें 33 बच्चों ने हिस्सा लिया।
शिवराजे म्यूजिकल बैंड के कार्तिकेय कैलाश दीक्षित और टीम ने बॉलीवुड गीतों का मैशअप पेश कर दर्शकों का दिल जीत लिया। अरुणोदय पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने ‘महिषासुर मर्दिनी’ पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
28 अक्टूबर के प्रमुख कार्यक्रम
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
हॉकी प्रतियोगिता – खेलकूद मैदान
माध्यमिक शिक्षा विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रम – ऑडिटोरियम
शाम 4 बजे से 7 बजे तक
सुगम संगीत – ऑडिटोरियम
शाम 7 बजे से समापन तक
म्यूजिकल नाइट – इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश की प्रस्तुति