लक्ष्य बड़ा रखें और उसे पाने के लिए प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करें : मा0 राज्यमंत्री श्री सतीश चन्द्र शर्मा
बाराबंकी, 01जून। “जीवन में लक्ष्य सदैव बड़ा बनाना चाहिए और उसकी प्राप्ति के लिए लक्ष्य पर निरंतर फोकस तथा समय का सदुपयोग आवश्यक है। ऊँचा स्थान प्राप्त करने के लिए महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। किसी भी विद्यार्थी के जीवन में माता-पिता एवं गुरुजनों का विशेष योगदान होता है, इसलिए उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।” उक्त विचार उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री श्री सतीश चन्द्र शर्मा ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा-2026 के जनपद स्तरीय मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यमंत्री श्री सतीश चन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य श्री अंगद कुमार सिंह, विधायक हैदरगढ़ श्री दिनेश रावत तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्री ओ.पी. त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में जनपद का हाईस्कूल परीक्षाफल 90.65 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट परीक्षाफल 83.56 प्रतिशत रहा, जो प्रदेश के औसत परिणाम से अधिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में कक्षा 10 के 9 एवं कक्षा 12 के 4 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया है, जिन्हें प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को सुनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजरानी रावत, एमएलसी श्री अंगद कुमार सिंह तथा विधायक श्री दिनेश रावत ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनपद स्तरीय सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 10 की महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज, बाराबंकी की छात्रा अर्पिता तथा श्री छोटेलाल इंटर कॉलेज, खानपुर की छात्रा शगुन वर्मा शामिल रहीं। वहीं कक्षा 12 के मेधावी विद्यार्थियों में महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज, बाराबंकी की आकांक्षा वर्मा, आधुनिक भारतीय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, भिटरिया के अंशुमान सिंह, श्री साईं इंटर कॉलेज, जैदपुर की नायला उबेद, श्री साईं इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग की अनुष्का वर्मा, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केशव नगर की दीपांशी तथा प्रतिभा शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, नरैनी की सिदरा वारसी शामिल रहीं।
सभी मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी के खाते में ₹21,000 की प्रोत्साहन धनराशि प्रेषित की जा चुकी है।
कार्यक्रम का संचालन नेशनल इंटर कॉलेज, फतेहपुर के प्रवक्ता श्री आशीष पाठक ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, वरिष्ठ सहायक श्री मनोज कुमार कश्यप सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।