डीएम व एसपी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महमूदाबाद का किया औचक निरीक्षण

 

 

बालिकाओं के साथ भोजन कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पासआउट छात्राओं को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

 

‘हँसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने 15 बालिकाओं को वितरित किए टेस्टेड चश्मे

 

बालिकाओं की मांग पर एकेडमिक भवन तक इंटरलॉकिंग कार्य के तत्काल दिए निर्देश

 

बाराबंकी, 05 सितम्बर 2026- जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महमूदाबाद, सिरौलीगौसपुर का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई व व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

 

इस अवसर पर ‘हँसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत *स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 15 बालिकाओं को टेस्टेड चश्मे प्रदान किए गए।* चश्मा वितरण स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किया गया, जिसमें *अधीक्षक डॉ. आरिफ सिद्दीकी, डॉ. देव प्रताप सिंह व ऑप्टोमेट्रिस्ट विनय* आदि मौजूद रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को चश्मे वितरित करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व एसपी ने बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन किया तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेनू की जांच की। भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार पाया गया।

 

इस अवसर पर कक्षा 10 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली पांच पासआउट बालिकाओं तनु, लक्ष्मी, संध्या, लक्ष्मी प्रथम एवं संध्या प्रथम को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

संवाद के दौरान बालिकाओं ने एकेडमिक भवन तक इंटरलॉकिंग कार्य व जलभराव की समस्या बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को इंटरलॉकिंग कार्य कराने के निर्देश दिए।

 

औचक निरीक्षण के दौरान एएसपी श्री मो0 आफताब आलम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्री पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन श्रीमती ज्योति स्वरूप, शिक्षिकाएं नीलम एवं सुषमा रानी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।