पूरनपुर/पीलीभीत
ग्राम महद खास में आवारा कुत्तों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत
बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों का घर से निकलना हुआ मुश्किल, कई लोगों व पशुओं पर हमले का आरोप
पूरनपुर। ग्राम पंचायत महद खास में इन दिनों आवारा कुत्तों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव की गलियों और रास्तों पर झुंड में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं और बच्चों का अकेले निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा कुत्ते कई बार राहगीरों और ग्रामीणों पर हमला कर चुके हैं। इतना ही नहीं, पालतू पशुओं और घरों में बंधी बकरियों पर भी हमला कर उन्हें घायल करने की घटनाएं सामने आई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इन कुत्तों को भगाने की कोशिश करने पर वे उल्टा लोगों पर झपटने लगते हैं। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण अपने बच्चों व बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से भी डर रहे हैं।
मामले को लेकर गांव निवासी एडवोकेट हरिओम के पुत्र हनी सिंह ने पूरनपुर के पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आवारा कुत्तों को पकड़वाने तथा ग्रामीणों को राहत दिलाने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले ग्रामीणों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर – जसवंत कुमार
आदर्श उजाला न्यूज
जिला – पीलीभीत