बाराबंकी में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: 5 लाख की सुपारी देकर दोस्त ने ही कराई दोस्त की हत्या, 24 लाख की ठगी बनी वजह, 4 गिरफ्तार

 

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के थाना बड्डूपुर क्षेत्र में हुए नीतेश मौर्या अपहरण व हत्याकांड का बाराबंकी पुलिस ने 48 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रवीना त्यागी ने आज पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में 4 शातिर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर 2026 को थाना बड्डूपुर क्षेत्र के डफरपुर चौराहे से नीतेश कुमार मौर्या पुत्र दिनेश कुमार मौर्या निवासी सरैया महिपतपुर, थाना सदरपुर, जनपद सीतापुर का अपहरण कर सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना बड्डूपुर पर मु0अ0सं0 423/26 धारा 140(1)/103(1) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

 

पुलिस अधीक्षक ने बताया-

इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड मृतक के ही करीबी दोस्त अंकित गुप्ता और मनोज मौर्या हैं। जांच में सामने आया कि मनोज मौर्या ने मृतक नीतेश से RO प्लांट लगवाने के नाम पर 14 लाख रुपये और धान खरीद के नाम पर 10 लाख रुपये, कुल 24 लाख रुपये हड़प लिए थे। मृतक लगातार अपना पैसा वापस मांग रहा था। वहीं अंकित गुप्ता का भी एक महिला से बातचीत को लेकर मृतक से विवाद था, उसी महिला से मृतक भी बात करता था।

 

इसी दोहरी रंजिश में दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई और सीतापुर के  उर्फ दिलीप वर्मा को 5 लाख रुपये की सुपारी दी। दीपू ने अपने साथी अमरेन्द्र वर्मा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त *स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है, जो आरोपियों ने सुपारी के पैसों से खरीदी थी।

 

गिरफ्तार अभियुक्त-

1. अंकित गुप्ता पुत्र सत्यनारायण निवासी सरैया कादीपुर, थाना रामपुर कलां, सीतापुर

2. दीपू उर्फ दिलीप वर्मा पुत्र संतलाल निवासी फरीदपुर, थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर

3. अमरेन्द्र वर्मा पुत्र दिनेश वर्मा निवासी शेहारुखेड़ा, महमूदाबाद, सीतापुर

4. मनोज मौर्या पुत्र विद्याप्रसाद निवासी सरैया महिपतसिंह, सदरपुर, सीतापुर

 

एसपी ने बताया कि स्वाट/सर्विलांस व थाना बड्डूपुर की संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलीजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। इस मामले में अभी कई और लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी।