आदर्श उजाला ब्यूरो, पीलीभीत।
गृह सम्पर्क अभियान में रामदूतों ने घर घर जाकर सम्पर्क किया और अयोध्या धाम से आए पूजित अक्षत व राममन्दिर चित्र का वितरण किया।सम्पूर्ण देश व जगत में भगवान श्रीराम मन्दिर निर्माण की चर्चा हो रही है। कई वर्षों के संघर्षों के पश्चात् भगवान श्रीराम का मन्दिर बन रहा है। मन्दिर निर्माण से सम्पूर्ण जगत में भगवान श्रीराम की भक्तिमय वातावरण है। हर गांव गली मोहल्ले में भगवान श्रीराम व मन्दिर की चर्चाएं हो रही है। 22 जनवरी को निर्माणाधीन मन्दिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें देश दुनिया भर से लोग आएंगे। लोगों को आने के लिए निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। भगवान श्रीराम के मन्दिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण हर घर जाकर रामभक्त दे रहे हैं। अयोध्या धाम से आए पूजित अक्षत व राममन्दिर चित्र व कैलेण्डर देकर निमंत्रण दिया जा रहा है। गृह सम्पर्क अभियान 1 जनवरी-15 जनवरी तक अभियान चलाया जा रहा है जिसके लिए ग्राम समितियां गठित की गई। रविवार को अमरैया कलां में प्राण प्रतिष्ठा पूजित अक्षत वितरण सम्पर्क अभियान समिति के संयोजक जितेन्द्र कुमार सक्सेना के नेतृत्व में गृह सम्पर्क अभियान चलाया गया। जिसमें रामभक्तों ने घर घर जाकर अक्षत वितरण कर 22 जनवरी को पुनः दीपावली मनाने का निवेदन किया। रविन्द्र कुमार नन्द ने बताया कि हम सब राममन्दिर निर्माण के साक्षी होकर एक सौभाग्यशाली हैं। जिसे हम अपनी आंखों से भगवान श्रीराम मन्दिर का अलौकिक भव्य दिव्य स्वरूप देख सकते हैं। श्री नन्द जी ने कहा कि 22 जनवरी को हम सब पुनः घर में दिवाली मनाकर खुशियां मनाएंगे। घर को सजाएं। घर में 21-21 दीपक जलाएं।खुशियों में पटाखा छुड़ाएंगे। पूड़ी पकवान बनाएं। बड़ी धूमधाम से पर्व मनाएं। गृह सम्पर्क अभियान में ग्राम पंचायत सदस्य धर्मेन्द्र कुशवाह, विजय कुशवाह, संजीव कुमार, रिंकू कुशवाह, रतनलाल आदि उपस्थित रहे।