सईदा खान जिला कराईम रिपोर्टर आर्दश उजाला जिला बलरामपुर।
रेहरा बाजार। बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुबारकपुर निवासी लोकगीत गायक कृष्ण मुरारी ने देवीपाटन मंदिर परिसर में मां पाटेश्वरी देवी के दरबार में भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के आदेशानुसार आयोजित कार्यक्रम में देवी गीत, भजन और पारंपरिक पचरा गीतों के माध्यम से मां भगवती की महिमा का गुणगान किया गया।
कार्यक्रम में भजन एवं लोकगीत गायक टीम लीडर कृष्ण मुरारी और गायक दर्शन मिश्रा की अगुवाई में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से धार्मिक माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां पाटेश्वरी के चरणों में भजन और पचरा गीत की प्रस्तुति के साथ हुई। लोकगायक कृष्ण मुरारी ने अपनी सुमधुर आवाज और पारंपरिक लोकगायन शैली में माता रानी की महिमा का बखान किया। उनकी प्रस्तुति ने मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया और भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान दर्शन मिश्रा ने मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। वहीं हारमोनियम पर घनश्याम निषाद, मंजीरा वादन तथा अन्य वाद्य संगत के साथ कृष्ण मुरारी और उनके साथी कलाकारों ने प्रस्तुतियों को प्रभावशाली बनाया। कलाकारों ने देवी गीतों और पचरा के जरिए क्षेत्र की लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक धार्मिक संगीत की समृद्ध विरासत को प्रस्तुत किया।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने मां पाटेश्वरी के जयकारों के बीच भक्ति संगीत का आनंद लिया। कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने में देवीपाटन मंदिर के महंत तथा बलरामपुर प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा।
इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई, बल्कि पारंपरिक लोकगीतों के संरक्षण और लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।