उत्तर प्रदेश सरकार लिखी बोलेरो ने दो बाइकों को रौंदा, तीन गंभीर रूप से घायल

 

सफदरगंज और दरियाबाद पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा, जांच में जुटी पुलिस

 

बाराबंकी। जनपद में थाना सफदरगंज व दरियाबाद की सीमा पर स्थित नूरगंज पेट्रोल पंप के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाली बोलेरो गाड़ी पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखा हुआ है और वह तहसील सिरौलीगौसपुर से संबद्ध बताई जा रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो संख्या UP32MW2694 ने विपरीत दिशा से आ रही दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। पहली बाइक DL10SE7814 पर सवार अकबरपुर निवासी युवक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। वहीं दूसरी बाइक UP41BU9849 पर सवार कमोली निवासी शिव प्रसाद पुत्र लल्लन और शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर थाना सफदरगंज और थाना दरियाबाद के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सभी घायलों को इलाज के लिए *सिरौलीगौसपुर संयुक्त चिकित्सालय* भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर भी मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से गड्ढे में गिरी बोलेरो गाड़ी को बाहर निकलवाया। दरियाबाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।