बाराबंकी: लोधेश्वर महादेवा में अभरण सरोवर में डूबे युवक को 32वीं पीएसी के जवानों ने सूझबूझ से बचाया

 

 

बाराबंकी:जनपद के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा स्थित अभरण सरोवर में रविवार रात्रि एक बड़ा हादसा टल गया। गहरे पानी में डूब रहे एक युवक को 32वीं पीएसी वाहिनी के सतर्क जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। जवानों की इस बहादुरी और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात अभरण सरोवर के पास श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ थी। इसी दौरान एक युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। वहां सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात 32वीं पीएसी वाहिनी के जवानों की नजर डूब रहे युवक पर पड़ी। बिना एक पल गंवाए, हेड कांस्टेबल महेंद्र यादव के नेतृत्व में उनके हमराह जवान मोहित सिंह और रूपेश दास ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत सरोवर में छलांग लगा दी। पीएसी के जवानों ने अद्भुत साहस और पेशेवर कौशल का परिचय देते हुए डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर खींच लिया। पानी से बाहर निकालने के बाद युवक की स्थिति सामान्य होने पर सभी ने राहत की सांस ली। जवानों की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई के चलते एक युवक की अमूल्य जान बच गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने पीएसी जवानों के इस सराहनीय कार्य के लिए उनकी जमकर प्रशंसा की है।