महादेवा चौकी इंचार्ज की सूझबूझ से बेनकाब हुआ चोरी का राज, लाखों की दौलत बरामद; किन्नर समाज ने कहा—’ऐसे जांबाज़ अफसर पर नाज़ है’

 

बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का राज आखिरकार पुलिस ने बेनकाब कर दिया। पुलिस ने महज़ कुछ दिनों के भीतर न केवल आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि उसके कब्जे से 6 लाख 25 हजार 300 रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिए। इस शानदार कामयाबी के बाद पूरे इलाके में पुलिस की कार्यशैली की चर्चा है, वहीं किन्नर समाज खुलकर पुलिस टीम की सराहना कर रहा है। इस पूरे ऑपरेशन की सबसे अहम कड़ी बने महादेवा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पाण्डेय जिन्होंने अपनी मुस्तैदी, बारीक तफ्तीश, डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के सहारे इस पेचीदा वारदात की तह तक पहुंचकर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस महकमे में उनकी कार्यशैली की जमकर तारीफ़ हो रही है। क्षेत्र के लोग उन्हें एक जांबाज़, ईमानदार और फर्ज़परस्त पुलिस अधिकारी बता रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम लोधौरा निवासी ललिता किन्नर ने 8 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी गैरमौजूदगी में उनका नौकर गोलू उर्फ बिछी घर से नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। थाना प्रभारी ने लगातार पूरे मामले की पैरवी, निगरानी और रणनीति पर काम किया। जबकि महादेवा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पाण्डेय ने दिन-रात मेहनत कर सुरागों को जोड़ते हुए आरोपी तक पुलिस को पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी और सोने-चांदी के भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि उसने मालिक की गैरहाजिरी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया। इस कार्यवाही के बाद पूरा किन्नर समाज पुलिस टीम के प्रति शुक्रगुज़ार दिखाई दिया। पीड़िता ललिता किन्नर सहित कई लोगों ने महादेवा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पाण्डेय और थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस ने जिस फ़ुर्ती, ईमानदारी और मुस्तैदी से उनका खोया हुआ सामान वापस दिलाया। उससे पुलिस के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ है। किन्नर समाज ने दोनों अधिकारियों को दिल से दुआएं और आशीर्वाद भी दिया।

 

 

तफ्तीश ऐसी कि चोर के सारे मंसूबे चकनाचूर हो गए

महादेवा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पाण्डेय की पैनी नज़र, लगातार की गई तफ्तीश ने महज़ कुछ दिनों में लाखों की चोरी का राज़ बेनकाब कर दिया। नकदी और जेवरात की बरामदगी के बाद पूरे इलाके में पुलिस की इस कामयाबी की ज़बरदस्त चर्चा है।