उत्तर प्रदेश के ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’: 18 मार्च से जनपदों में सजेगा विकास का मेला, विकास योजनाओं की उड़ेगी गुला

 

पीलीभीत/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश भर में भव्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। मुख्य सचिव एस० पी० गोयल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, आगामी 18 मार्च से 26 मार्च 2026 तक सभी जनपदों में नौ दिवसीय विशेष मेलों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य विगत नौ वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों को सीधे जनसामान्य तक पहुँचाना है।

विकास प्रदर्शनी और योजनाओं का संगम

इन आयोजनों के केंद्र में जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले नौ दिवसीय मेले होंगे। इन मेलों में केंद्र सरकार के 11 वर्षों और राज्य सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। विशेष रूप से, जनपद में पूर्ण हो चुकी और प्रक्रियाधीन निवेश परियोजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को जनता देख सके।

सीधे जनता को मिलेगा लाभ

यह केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मेले के दौरान ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’, ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ और ‘कन्या सुमंगला योजना’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा। इसके साथ ही, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार मेलों और उद्यमियों के लिए ऋण मेलों का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है।

सांस्कृतिक धरोहर और स्थानीय स्वाद

मेलों में ओ०डी०ओ०सी० (एक जनपद एक व्यंजन) के माध्यम से पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देकर क्षेत्रीय कला और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रशासनिक मुस्तैदी और जन-भागीदारी

प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक परामर्शदाता समिति इन कार्यक्रमों की कमान संभालेगी। सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य इस आयोजन में समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं, महिलाओं और किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है।

मंडल ब्यूरो चीफ(पीलीभीत से)

दिव्यांशु कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *