अनवर अली संवाददाता आर्दश उजाला हुसेनाबाद बाजार जनपद बलरामपुर।
नया नगर/रेहरा बाजार। जनपद बलरामपुर के शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार का प्रतिष्ठित विद्यालय राम बल यादव इन्टर कॉलेज नया नगर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता आज दिनांक- 09/02/2026, दिन- सोमवार को क्रिकेट खेल का फाइनल मैच होने के साथ सकुशल सम्पन्न हुआ। इस खेल प्रतियोगिता में लौह गोला फेंक, चक्र फेंक, लम्बी कूद, ऊंची कूद, रस्साकसी, कैरम बोर्ड, शतरंज, वाली बाल, क्रिकेट आदि खेल विद्यालय के खेल मैदान में खेला गया। तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में विभिन्न खेल से सम्बन्धित 100 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। इसलिए तीन दिनों तक चलने वाला खेल प्रतियोगिता चार दिन में सम्पन्न हुआ।
रस्सा-कसी प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग में एजी हाशमी इण्टर कॉलेज, सादुल्लाहनगर एवं राम बल इण्टर कॉलेज, नया नगर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें राम बल यादव इन्टर कॉलेज की टीम विजय हुई थी। इसी तरह क्रमशः कैरम बोर्ड, शतरंज, खो-खो, लम्बी कूद, ऊंची कूद में भी राम बल यादव इण्टर कॉलेज की टीम को विजयी होने का गौरव प्राप्त हुआ। लम्बी कूद में राम बल यादव इण्टर कॉलेज के होनहार खिलाड़ी शिवम वर्मा ने सबसे अधिक लम्बी दूरी कूदकर जीत का खिताब अपने नाम कर लिया। गोला फेंक में ए०जी० हाशमी इण्टर कॉलेज सादुल्लाहनगर के खिलाड़ी मैराज अहमद ने जीत हासिल की। वालीबॉल सीनियर वर्ग में बाबू आर०पी० इण्टर कॉलेज घासी पोखरा की टीम विजेता रही। वहीं जूनियर वर्ग में राम बल यादव इण्टर कॉलेज नया नगर की टीम को विजेता का खिताब मिला।
क्रिकेट खेल प्रतियोगिता का प्रथम सेमीफाइनल मैच मदरसा बनजरिया हुसैन व मदरलैण्ड एकेडमी नौवाकोल के बीच खेला गया, जिसमें मदरसा बनजरिया हुसैन की टीम ने मैच जीत कर फाइनल में अपनी जगह बना ली। इसी क्रम में दूसरा सेमीफाइनल मैच राम बल यादव इण्टर कॉलेज नया नगर व एमटीआई नया नगर सुगौवा मोड़ के बीच हुआ, जिसमें एमटीआई की टीम ने मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता के अन्तिम दिन क्रिकेट का फाइनल मैच खेला गया। फाइनल मैच एमटीआई व मदरसा बनजरिया हुसैन के बीच खेला गया। फाइनल मैच कुल 6 ओवरों का हुआ। एमटीआई ने टांस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला किया। मदरसा बजरिया हुसैन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 9 विकेट गंवाकर 6 ओवरों में 65 रन बनाए। विपक्षी टीम एमटीआई को जीत के लिए 66 रनों का लक्ष्य दिया। एमटीआई की टीम ने अपनी पारी खेलते हुए 6 विकेट गंवाकर निर्धारित 6 ओवरों में कुल 52 रन ही बना सका। इस प्रकार से मदरसा बनजरिया हुसैन की टीम ने 13 रनों से फाइनल मैच जीत लिया।
फाइनल मैच का आनन्द लेने के लिए स्कूली के छात्र/छात्राएं तथा क्षेत्र के अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों व दर्शकों की काफी भीड़ रही एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
खेल प्रतियोगिता आयोजक राम बल यादव इण्टर कॉलेज नया नगर के प्रबंधक राजेश यादव ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामनाएं की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों के विजेता टीम के खिलाड़ियों का एक सम्मान समारोह कार्यक्रम दिनांक- 22 फरवरी 2026, दिन- रविवार को किया जाएगा, जिसमें सभी विजेताओं को बुलाया जाएगा तथा उन्हें मेडल, प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। विनय कुमार यादव ने सभी के प्रति आभार प्रकट एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि स्कूली छात्र छात्राओं में खेल एवं सहयोग की भावना विकसित करने एवं उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए यह प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान फाइनल मैच का आनन्द लेने व खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन एवं मनोबल बढ़ाने के लिए विद्यालय के शिक्षक/शिक्षिकाओं सहित सभी स्टॉफ व कर्मचारीगण एवं काफी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।