ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा रैन बसेरा में तैयारी पूरी ठहरना प्रारंभ 

 

जिला संवाददाता मोहम्मद अली शाह

बलरामपुर-उतरौला ,ठंड की शुरुआत हो चुकी है। गिरते हुए तापमान और बढ़ते हुए कोहरे को देखते ही शासन-प्रशासन ने संज्ञान लिया है। उतरौला नगर पालिका परिषद द्वारा रोडवेज बस स्टैंड के बगल बनवाए गए रैन बसेरा का शुरूआत हो चुका है। लोगों ने ठहरना भी प्रारंभ कर दिया है। 9 दिसंबर को लखीमपुर के दाताराम रैन बसेरा पर ठहर चुके हैं। अधिकतर लोग रात में रैन बसेरा पर ठहरने आते हैं और सुबह होते ही चले जाते हैं। रेन बसेरा पर दो पालिका कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें सुबह 8 बजे से शाम 8 तक सुरेश तथा रात 8:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक मोहम्मद अली रेन बसेरा पर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
रात के वक्त मौसम का तापमान 20 डिग्री से 15 डिग्री सेल्सियस तक आने लगा है। इससे यात्रियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्हें ठंड लग सकती है। इससे बचाव के लिए उतरौला बस स्टैंड के बगल स्थित रैन बसेरा में महिला और पुरुष को ठहरने के लिए अलग अलग व्यवस्था की गई है। हिन्दुस्तान टीम ने रैनबसेरा पहुंचकर कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
टीम को इस दौरान रैनबसेरा में कोई भी व्यक्ति ठहरा नहीं मिला। रैन बसेरा पर ठहरने वाले लोगों के लिए नगर पालिका द्वारा चारपाई, रजाई, गद्दा, तकिया बिछे हुए मिले। वहीं नगरपालिका का एक कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद मिला। ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था रैनबसेरा पर किया गया है।
रैन बसेरा पर ठहरने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था नहीं है। महिलाओं के नहाने के लिए कोई इंतजाम नहीं पाया गया। रैन बसेरा पर ठहरने वाले लोगों के सौच के लिए अस्थाई या मोबाइल बायो टॉयलेट का भी कोई प्रबंध नहीं था। रैनबसेरा पर ठहरने वाले लोगों की संख्या न के बराबर होने पर कर्मचारी ने बताया कि ठंड अभी कम है, जिसके चलते लोग कम आ रहे है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के बगल रैन बसेरा में व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है। फिलहाल महिला व पुरुष के लिए अलग कमरों में दस,दस पलंग, रजाई गद्दे, प्रकाश, पेयजल, सैनिटाइजर, मच्छरों के प्रकोप से बचाने के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव आदि व्यवस्था की गई है। महिलाओं के नहाने के लिए अस्थाई स्नान घर व शौचालय के लिए मोबाइल बायो टॉयलेट का तत्काल व्यवस्था कराया जा रहा है। रैन बसेरा पर आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने पर और भी कमरों में व्यवस्था कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *