पीलीभीत। शहर के जे.पी. रोड स्थित बरेली फाटक क्षेत्र में अव्यवस्था इस कदर हावी हो चुकी है कि अब यह समझ पाना मुश्किल है कि सड़क पर जाम लगा है या जाम में ही पूरी सड़क कहीं गुम हो गई है। स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए यह मार्ग किसी सजा से कम नहीं रह गया है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि व्यापारियों ने अपनी सीमाओं का उल्लंघन करते हुए दुकानों का सामान मुख्य सड़क तक फैला दिया है। कहीं गैस चूल्हे रखे हैं, तो कहीं तराजुओं और लोहे के बर्तनों का ढेर सड़क को निगल रहा है। पैदल चलने वालों के लिए रत्ती भर भी जगह नहीं बची है, जिसके कारण लोग वाहनों के बीच दबकर निकलने को मजबूर हैं।
प्रशासन की चुप्पी पर उठते सवाल
हैरानी की बात यह है कि बरेली फाटक पर आए दिन लगने वाले इस भीषण जाम की जानकारी होने के बावजूद प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों ने पूरे ट्रैफिक सिस्टम को ध्वस्त कर दिया है। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? या फिर जानबूझकर इस अव्यवस्था से अपनी आँखें मूंद ली गई हैं?
मंडल ब्यूरो
दिव्यांशु कुमार
पीलीभीत