‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी से जुड़ेंगे लाभार्थी एवं आमजन
बाराबंकी, 16 सितंबर। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय, बाराबंकी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न संगठनों तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद के प्रमुख चौराहों, विकास की प्रमुख परियोजनाओं एवं स्थलों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन किया जाएगा। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही अधिक से अधिक लाभार्थियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से लोगों को सेवा, विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों एवं उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर सामने लाना है।