सफदरगंज/बाराबंकी। बाराबंकी वन रेंज अंतर्गत पौधशाला सफदरगंज, थाना सफदरगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत पलहरी के मजरा चमराही का पुरवा में वन माफियाओं ने हरे भरे नीम के विशाल पेड़ को बगैर परमिट काटकर नष्ट कर दिया।
पीड़ित किसान मनीराम गौतम के घर के यह विशाल नीम का पेड़ बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन माफियाओं ने पहले तो हरा भरा पेड़ काटा और बाद में जुर्माने से बचने के लिए उसके ठूंठ सहित अवशेष को खुदवाकर गायब कर दिया।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर पेड़ काटा गया है, वहां से पलहरी पुलिस चौकी की दूरी महज चंद कदम है। इसके बावजूद वन माफियाओं में न तो पुलिस का खौफ है और न ही वन विभाग का।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ प्रदेश सरकार वृक्षारोपण के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर पर्यावरण बचाने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार अधिकारी हरे पेड़ों के कटान पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में वन माली अवधेश यादव व वन दरोगा अनुराग सिंह की मिलीभगत से लकड़कट्टों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व प्रभागीय वनाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।