डॉ.सौभाग्य वर्धन ने उठाया महानगरों में बढ़ती महंगाई और घरों की कीमतों का मुद्दा

 

लखनऊ। शिव सेना उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव डॉ. सौभाग्य वर्धन ने देश के महानगरों में लगातार बढ़ती रियल एस्टेट कीमतों को गंभीर राष्ट्रीय आर्थिक चुनौती बताया है। उन्होंने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर कहा कि मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, गुरुग्राम और हैदराबाद जैसे शहरों में मकानों की कीमतें आम मध्यम वर्ग की आय की तुलना में कई गुना तेजी से बढ़ रही हैं। इससे नौकरीपेशा और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए अपना घर खरीदना लगभग असंभव होता जा रहा है डॉ. सौभाग्य वर्धन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो भारत को भी चीन जैसी रियल एस्टेट मंदी और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसका असर बैंकिंग व्यवस्था, निर्माण क्षेत्र, रोजगार और संपूर्ण भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि मध्यम वर्ग के लिए किफायती आवास योजनाओं को बढ़ावा दिया जाए, रियल एस्टेट में कृत्रिम मूल्य वृद्धि और सट्टेबाजी पर नियंत्रण लगाया जाए तथा पहली बार घर खरीदने वालों को विशेष राहत दी जाए इसके अलावा सैटेलाइट शहरों और शहरी परिवहन के विकास पर भी जोर दिया जाए डॉ. सौभाग्य वर्धन ने कहा कि “घर का सपना हर मेहनतकश भारतीय का अधिकार है। यदि महानगरों में घर केवल अमीर निवेशकों तक सीमित हो गए, तो यह सामाजिक और आर्थिक असंतुलन पैदा करेगा शिव सेना उत्तर प्रदेश ने केंद्र सरकार से इस विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर नीति हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि रियल एस्टेट क्षेत्र संतुलित, सुरक्षित और आम नागरिकों के लिए सुलभ बना रहे।