अंसरा पब्लिक स्कूल खेवली में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, बच्चों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

 

 

देवा, बाराबंकी। अंसरा पब्लिक स्कूल, खेवली, देवा में संविधान दिवस अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के महत्व, मूल अधिकारों और कर्तव्यों को याद किया। यह कार्यक्रम प्रधानाचार्य अंगद कुमार कश्यप के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाचार्य अंगद कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और एक जिम्मेदार नागरिक बनें।

 

इस अवसर पर विद्यालय में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। विद्यार्थियों ने संविधान से जुड़े विचार, भाषण और देशभक्ति व जागरूकता से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बात रखी। शिक्षकों ने भी संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा और इसके मूल्यों पर प्रकाश डाला।

 

इस अवसर पर समीरा बानो, सोनिका, शालिनी यादव, संध्या यादव, चांदनी गुप्ता, सोनी कन्नौजिया, काजल कश्यप एवं प्रदीप कुमार सहित समस्त शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।