रामनगर, बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के शासन के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पिछले एक महीने से चल रहे सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर शनिवार को करंधी गांव में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच चार जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। भव्य रूप से सजाए गए मंडप में वैदिक मंत्रों की गूंज और परिसर में विवाह की खुशियां बिखरी रहीं। गरीब कन्याओं के विवाह के लिए सेवा संकल्प समिति द्वारा बैंड-बाजा व बारात का विशेष प्रबंध किया गया था।
केपी तिवारी ने कहा – कन्यादान सबसे बड़ा महादान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी व भाजपा नेता केपी तिवारी ने नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि जहाँ महामाई का गुणगान हो रहा हो, वहीं पर कन्यादान हो तो इससे अच्छा कुछ हो ही नहीं सकता। जिस घर में नारी पूजी जाती है, वह घर स्वर्ग होता है। सबसे बड़ा पुण्य कन्यादान ही है, क्योंकि इसमें केवल एक कन्या ही नहीं, बल्कि एक पूरे संस्कार, परंपरा और विश्वास का समर्पण होता है।
आयोजन समिति की ओर से नवदंपतियों को दान-दहेज देकर विदाई दी गई। मौजूद गणमान्य लोगों ने वर-वधुओं के सुखमय जीवन की कामना की।
इस मौके पर सूरज वर्मा, परशुराम वर्मा, आशिका वर्मा, प्रमोद पाण्डेय, हरिप्रसाद वर्मा, जगदेव वर्मा, राजेंद्र वर्मा, रविकांत पांडेय और आशुतोष शुक्ला सहित कई लोग उपस्थित रहे।