नवारम्भ संस्कार एवं निपुण सम्मान समारोह में मेधावी छात्र सम्मानित

 

शिवगढ़,रायबरेली। शुक्रवार को क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तरौंजा में नवारम्भ संस्कार एवं निपुण सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित खण्ड शिक्षाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा, प्रधानाध्यापक राजेश कुमार श्रीवास्तव तथा पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्लन से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में निपुण एवं मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं नए नामांकन वाले बच्चों का रोली-अक्षत से तिलक कर एवं माल्यार्पण कर नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया। खण्ड शिक्षाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की तथा नए नामांकन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुरेंद्र कुमार वर्मा ने किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान अशर्फीलाल यादव, पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कुम्भी के प्रधानाध्यापक विश्वनाथ प्रताप दुबे, राजकुमार सिंह, राजेंद्र बाजपेई, शशिकांत वाजपेई, नीरज पाण्डेय, श्याम बिहारी अवस्थी, सर्वेश कुमार, सुमन सिंह, प्रतिभा सिंह, संगीता गुप्ता, मोहम्मद इमरान सहित समस्त एआरपी व संकुल शिक्षक उपस्थित रहे।